
कलमीटार से कोटा ले जाई जा रही थी अवैध शराब
रतनपुर:— बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब लेकर कलमीटार भट्ठी से कोटा की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।
7.200 लीटर शराब और बाइक जब्त
पुलिस टीम ने ग्राम कलमीटार रोड पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 7.200 लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन साहू (19 वर्ष), पिता ज्ञानप्रकाश साहू, निवासी लारीपारा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशलराम खुटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार एवं आरक्षक आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।








