
बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये के कोयला हेराफेरी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
मामला 15 जून 2026 का है, जब एसीसीएल गेवरा माइंस से उच्च गुणवत्ता वाला जी-11 कोयला राशि स्टील एंड पावर प्लांट भेजा जा रहा था। जांच के दौरान तीन ट्रेलरों में घटिया और मिलावटी कोयला पाए जाने पर कंपनी ने मस्तुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस विवेचना में खुलासा हुआ कि ट्रेलर चालकों, वाहन मालिकों और अन्य साथियों ने मिलकर रास्ते में बेलतरा स्थित एक कोल डिपो पर असली जी-11 कोयला उतार दिया और उसकी जगह गिट्टी मिश्रित खराब कोयला लोड कर प्लांट भेज दिया। इस हेराफेरी से कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
जांच के दौरान पहले ही मुख्य आरोपी आकाश सिंघल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं फरार चल रहे आरोपी वैभव सोनी उर्फ चुकलू और निखिल साहू को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 28 जून को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
मस्तुरी पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कोयला हेराफेरी मामले में मस्तुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो फरार आरोपी गिरफ्तार">








