धरमजयगढ़ से असलम खान की रिपोर्ट
बढ़ते तापमान और ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का आह्वान, वर्षाकाल को बताया सबसे उपयुक्त समय
रायगढ़:—- बढ़ते तापमान, ग्लोबल वार्मिंग और बिगड़ते पर्यावरणीय संतुलन के बीच लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था द्वारा तैयार किए गए पर्यावरण जागरूकता पोस्टर का विमोचन रायगढ़ के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) महेश शर्मा के करकमलों से किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम महेश शर्मा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार बढ़ता तापमान पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने बताया कि वर्षाकाल पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल समय होता है। वन विभाग द्वारा आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि उद्यानिकी विभाग भी फलदार पौधों का वितरण कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने का आग्रह किया।
संस्था के अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह वारसी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि प्रदूषण कम करने, शुद्ध वायु उपलब्ध कराने, बढ़ते तापमान पर नियंत्रण, भूजल स्तर बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण तथा पशु-पक्षियों के भोजन और आश्रय के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी लोगों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी शेख मुबस्सीर हुसैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और हर नागरिक को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

हरियाली ही भविष्य की गारंटी: पर्यावरण बचाने के लिए आगे आया गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन, एसडीएम ने किया जागरूकता पोस्टर का विमोचन”">







