
बिलासपुर…बिलासपुर जिले में 2 जुलाई को विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर एक साथ व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रार्थना सभागार, बिलासपुर में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि जिले की सभी जनपद पंचायतों और 486 ग्राम पंचायतों में मिशन के शुभारंभ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मिशन के राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को योजना की पूरी जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मिशन के उद्देश्य, ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों, विभिन्न योजनाओं और लाभों की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, युवा, हितग्राही और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन की जानकारी प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े नए अवसरों का लाभ उठा सकें।

2 जुलाई को होगा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VB-G RAM G) का शुभारंभ, बिलासपुर जिले की 486 ग्राम पंचायतों में होंगे कार्यक्रम">







