
बिलासपुर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जलभराव और मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने आकस्मिक बैठक लेकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य अधिकारी और कॉम्बेट टीमों के सदस्य शामिल हुए। सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और जरूरतमंद लोगों को तुरंत दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में दवाइयों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और जिला व विकासखंड स्तर पर कुल 45 कॉम्बेट टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम क्षेत्र के जोरापारा, चिंगराजपारा, चचुहिया पारा, बंधवापारा, बसंत विहार और तिफरा सहित अन्य प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
सीएमएचओ ने सभी पेयजल स्रोतों में क्लोरीनेशन और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने, सड़ी-गली खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने तथा लोगों को स्वच्छ भोजन और साफ पानी के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बुखार, उल्टी-दस्त या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

भारी बारिश के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 45 कॉम्बेट टीमें 24×7 तैनात">








