
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर शिवतराई से संरक्षण और पर्यटन का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ शामिल हुईं जिलाध्यक्ष गायत्री साहू
लोरमी/शिवतराई :—अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर लोरमी के अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिज़ॉर्ट में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में माननीय उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गायत्री साहू शामिल हुईं। कार्यक्रम में बाघ संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया और वन्यजीव संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गायत्री साहू ने कहा कि “बाघ केवल एक वन्यजीव नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत के प्रहरी हैं। बाघ सुरक्षित रहेंगे तो जंगल सुरक्षित रहेंगे और जंगल सुरक्षित रहेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।”
उन्होंने कहा कि अचानकमार टाइगर रिजर्व को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ेंगे तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में अचानकमार डॉग स्क्वाड के लिए उपलब्ध कराई गई बोलेरो कैंपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही वन विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वन संरक्षण विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता स्कूली छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
“बाघों की सुरक्षा, प्रकृति की समृद्धि — यही विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की सच्ची नींव।” – गायत्री साहू









