
कोटा/बिलासपुर:—– थाना कोटा पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित बाँस का डंडा और वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात करीब 9:10 बजे ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने दुकान के सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 42 वर्षीय सिदेशी बघेल पर बाँस के डंडे से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने निखिल यादव (23), निवासी कलारतराई, बजरंग चौक, थाना कोटा तथा अंकुश रजक (22), निवासी ग्राम खुरदूर, थाना कोटा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित बाँस का डंडा और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस ने मेमोरेंडम और जब्ती की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार">








