
बिलासपुर:— गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने डीजे साउंड सिस्टम लगे दो वाहनों के साथ साउंड बॉक्स और एम्प्लीफायर जब्त किए हैं। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, गणेश विसर्जन के दौरान डीजे सिस्टम से निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में साउंड बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी और ध्वनि प्रदूषण की स्थिति सामने आई। वहीं कोतवाली चौक में एक डीजे वाहन के विद्युत तार के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट की स्थिति भी निर्मित हुई, जिससे संभावित दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG-08/AL-0523 और CG-13/BK-0925 को साउंड बॉक्स एवं एम्प्लीफायर सहित जब्त किया। मामले में आशीष तिवारी और शिव प्रसाद पटेल के विरुद्ध 24 सितंबर 2026 को धारा 15 और 16 कोलाहल अधिनियम के तहत इस्तगासा कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि विसर्जन आयोजकों और गणेश समितियों को पहले ही डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों और अनुमति संबंधी नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 24 और 25 सितंबर को होने वाले गणेश विसर्जन के दौरान भी यदि डीजे का उपयोग कोलाहल अधिनियम के निर्धारित मापदंडों के विपरीत किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






