
कोण्डागांव :—डिजिटल दुनिया में जरा-सी चूक भारी पड़ सकती है—एक संदिग्ध लिंक, फर्जी KYC कॉल या APK फाइल के जरिए साइबर ठग पलभर में बैंक खाता खाली कर सकते हैं। इसी खतरे को लेकर कोण्डागांव पुलिस ने प्रेस क्लब में पत्रकारों के बीच पहुंचकर साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, IPS के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत कोण्डागांव प्रेस क्लब में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, डीएसपी साइबर सेल सिद्धार्थ बघेल, एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार एवं थाना प्रभारी कोण्डागांव सौरभ उपाध्याय मौजूद रहे
UPI से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक—ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देते हुए UPI फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC और बैंक कॉल, संदिग्ध लिंक व APK फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से बचने के उपाय बताए।
उन्होंने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने, किसी के साथ OTP, PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर आने वाले लालच भरे प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की।
सवाल साइबर अपराध के, जवाब पत्रकारों के
कार्यक्रम को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए साइबर जागरूकता पर ‘क्विक क्विज’ आयोजित किया गया।
इसमें पत्रकारों से साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे गए। पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जागरूक मीडिया—साइबर सुरक्षित समाज’ का संदेश
पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों से साइबर जागरूकता के संदेश को मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
पुलिस ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
“जागरूक मीडिया—साइबर सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ कोण्डागांव पुलिस ने एक बार फिर आमजन को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

एक क्लिक, एक कॉल और खाली हो सकता है बैंक खाता—कोण्डागांव प्रेस क्लब में पुलिस ने पत्रकारों को किया साइबर अलर्ट">







