
नगर पालिका तखतपुर के विभिन्न वार्डों में लगाए गए विद्युत स्मार्ट मीटरों पर कथित रूप से ‘महतारी वंदन वसूली, नगर पालिका तखतपुर’ संबंधी स्टीकर लगाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
मामले को लेकर आज भाजपा पार्षद दल की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तखतपुर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी तखतपुर को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और थाना तखतपुर में FIR दर्ज कराने की मांग की गई है।
शिकायत में भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया है कि नगर के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस पार्टी से जुड़े कुछ लोगों के द्वारा सुनियोजित तरीके से शासकीय संपत्ति स्वरूप स्मार्ट मीटरों पर ‘महतारी वंदन वसूली, नगर पालिका तखतपुर’ जैसे भ्रामक स्टीकर चिपकाए जा रहे हैं और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
भाजपा पार्षद दल ने इसे शासकीय संपत्ति से छेड़छाड़, नगर पालिका परिषद तखतपुर की छवि को धूमिल करने तथा छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी एवं गरीब महिलाओं के सशक्तिकरण की योजना ‘महतारी वंदन योजना’ के प्रति आम जनता में भ्रम फैलाने वाला कृत्य बताया है।
पार्षद दल नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर ने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों को सीधा लाभ मिल रहा है, जिसे बदनाम करने का यह कुत्सित प्रयास है। दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो यह प्रवृत्ति भविष्य में और बढ़ेगी।
इस अवसर पर भाजपा पार्षद दल अमित मंदानी कोमल सिंह अंकित अग्रवाल इस्लाम अंसारी सुरेश देवांगन सुनील आहूजा लव कुमार पांडे सुनील देवांगन संकेत समवेल संदीप साहू ईश्वर ठाकुर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे

स्मार्ट मीटर पर ‘महतारी वंदन वसूली’ स्टीकर लगाने वालों पर FIR की मांग, भाजपा पार्षद दल ने खोला मोर्चा">








