
बिलासपुर:- शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए युवा समाजसेविका हीना खान को मूकनायक पत्रकार तृतीय राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिष्ठित ‘फातिमा शेख अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित बच्चों की मदद करने के लिए प्रदान किया गया।
हीना खान पिछले करीब पांच वर्षों से अपनी संस्था ‘दहलीज़ फाउंडेशन’ के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं। स्वयं छात्रा होते हुए भी पढ़ाई के साथ समाजसेवा के कार्यों में उनकी सक्रियता और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
हीना का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। वे बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।
इस उपलब्धि पर हीना खान के माता-पिता ने गर्व व्यक्त किया। परिवार के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले जब हीना ने पढ़ाई के साथ समाजसेवा की शुरुआत की थी, तब उन्हें उसकी जिम्मेदारियों को लेकर चिंता थी, लेकिन आज उनकी मेहनत और समर्पण परिवार के लिए गर्व का विषय बन गया है।
हीना खान ने सम्मान के लिए आयोजकों, अपने माता-पिता, परिवार, संस्था के सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
उनका कहना है कि यह सम्मान उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान हीना खान के सामाजिक प्रयासों को नई पहचान देता है और संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं समर्पण के साथ युवा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

राष्ट्रीय मंच पर चमकीं बिलासपुर की हीना खान, शिक्षा और समाजसेवा के लिए मिला ‘फातिमा शेख अवार्ड’">







