
बिलासपुर:— मतदाताओं को जागरूक करने और विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में स्कूल और कॉलेज के सभी इच्छुक विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिताएं संस्थान, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। विद्यार्थी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे।
संस्थान स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक प्रतियोगिताओं का आयोजन करेंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता से दो उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजन कर प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय फाइनल में पहुंचाया जाएगा। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित कर अंतिम 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संस्थान स्तर की प्रतियोगिताएं 2 से 7 नवंबर, विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 10 से 13 नवंबर तथा जिला स्तरीय फाइनल 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होंगे। वहीं परिणामों की घोषणा और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया 20 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जिला स्तरीय स्वीप नोडल अधिकारी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के अधिकार और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।

युवाओं को वोट का महत्व समझाने स्कूल-कॉलेजों में गूंजेगी जागरूकता की आवाज">







