
बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल होने जा रही है। लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक में नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का 4 नवंबर को शुभारंभ किया जाएगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला इस केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट आरूग की भी शुरुआत होगी।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 4 नवंबर को शाम 6 बजे लिंगियाडीह के अपोलो चौक में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि नगर निगम महापौर पूजा विधानी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, एसईसीएल के अजय बेहेरा और सी.एम. वर्मा सहित रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल, सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल, नोडल अधिकारी डॉ. एम.ए. जीवानी और जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इस पहल के माध्यम से मेडिकल सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र के जरिए किफायती दवाओं की उपलब्धता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। वहीं प्रोजेक्ट आरूग के माध्यम से मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया जाएगा।

बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे दो केंद्रों का लोकार्पण">







