
पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
असामाजिक तत्वों पर रतनपुर पुलिस की नजर, दो मामलों में चार आरोपियों पर कार्रवाई
रतनपुर….क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने रतनपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। कलमीटार रोड स्थित शराब भट्ठी के पास धारदार चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, ग्राम भरारी में घर के सामने पटाखा फोड़ने से मना करने पर महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना मिली कि कलमीटार रोड शराब भट्ठी के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम मौके पर रवाना की। पुलिस ने मौके से धनजीर शिकारी (23 वर्ष), निवासी जेजराडीह को धारदार चाकू के साथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चाकू जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं, दूसरे मामले में ग्राम भरारी निवासी सरिता ताम्रकार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर में थी, तभी गांव के आदित्य सूर्यवंशी, प्रताप सूर्यवंशी और अविनाश सूर्यवंशी उसके घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। जब महिला ने उन्हें घर से दूर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा, तो तीनों ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
धनजीर शिकारी (23 वर्ष), निवासी जेजराडीह – आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई। प्रताप सूर्यवंशी (24 वर्ष), निवासी अकलतरी –प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
आदित्य सूर्यवंशी (24 वर्ष),निवासी भरारी – प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।अविनाश सूर्यवंशी (18 वर्ष), निवासी भरारी – प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
इनकी रही विशेष भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर, कौशल राम खुटे तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर एवं पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।







