
सीपत :— अपने देश की रक्षा करते हुए कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद विनोद कौशिक की शहादत दिवस के अवसर पर आज शनिवार 24 जनवरी को शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल, सीपत में एक भव्य रक्त परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेगा, बल्कि समाज में सेवा, जागरूकता, मानवता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। इस गरिमामय अवसर पर सीपत अंचल के चार वीर सपूतों सीपत के शहीद विनोद कौशिक, सोंठी-पिपरानार के शहीद धनीराम ठाकुर, कुकदा के शहीद किरीत पटेल तथा नरगोड़ा के शहीद वीरेंद्र कैवर्त को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। इन वीरों का बलिदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआईएसएफ डिप्टी कमांडेंट, सीपत एनटीपीसी, कपिल सुधाकर कामडी उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद विनोद कौशिक के पिता उमाशंकर कौशिक, नरगोड़ा शहीद परिवार से घासीराम कैवर्त, पिपरानार शहीद परिवार से श्रीमती रत्नाबाई ठाकुर तथा कुकदा शहीद परिवार से रामायण पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता सीपत थाना प्रभारी श्री राजेश मिश्रा करेंगे। यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला प्रांगण (स्कूल मैदान), सीपत में आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान रक्तदान एवं रक्त परीक्षण के साथ-साथ यातायात जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि रणभूमि में देश के लिए रक्त बहाना और संकट के समय जरूरतमंद को रक्त देना दोनों ही राष्ट्रसेवा के सर्वोच्च रूप हैं। इसी भाव के साथ क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है। शिविर में रक्तवीरों व रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों को निःशुल्क दोपहिया वाहन लर्निंग लाइसेंस अथवा हेलमेट देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं का निःशुल्क ब्लड ग्रुप परीक्षण एवं हीमोग्लोबिन जांच भी की जाएगी। आयोजक संस्था ने सीपत सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के युवाओं, महिलाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से इस राष्ट्रहितैषी एवं प्रेरणादायी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि शहीदों के सपनों को साकार किया जा सके। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहादत, सेवा और सुरक्षा का जीवंत संदेश बनकर आने वाली पीढ़ियों को देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देगा। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह जानकारी गजेंद्र यादव द्वारा दी।









