चेतना अभियान के तहत बच्चों और युवाओं को नशा, मोबाइल व अपराध से दूर रखने की पहल
बिलासपुर:—“आओ संवारें कल अपना” अभियान के तहत चेतना अभियान एवं “अतुलनीय बिलासपुर सुरक्षित बिलासपुर” कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इस कैंप में बच्चों और युवाओं को खेल, कला और मनोरंजन के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को मोबाइल, नशा और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखकर उनकी सकारात्मक ऊर्जा को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है।

कैंप में तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियों के साथ-साथ सिलाई और क्राफ्ट का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
विभिन्न खेलों एवं कला क्षेत्रों के प्रशिक्षित प्रशिक्षक बच्चों को नियमित प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वॉलीबॉल में लगभग 35, हैंडबॉल में 40, हॉकी में 70, रनिंग में 50 तथा तायक्वांडो में करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें कई प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समय-समय पर कैंप पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हैं तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी कैंप पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और योगा मैट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

वहीं “आओ संवारें कल अपना” अभियान के अंतर्गत पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों के लिए नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में सिलाई एवं क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर भी संचालित किया जा रहा है। इस शिविर में 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को चेतना अभियान से जोड़ते हुए लोगों को व्यसन और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखना तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करना है।







