
सीपत ,,,अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति बिलासपुर द्वारा एवं अविनाश धर शर्मा (को-फाउंडर नयन तारा शर्मा कॉलेज) की स्मृति में हरसिंगार सामुदायिक भवन, राजकिशोर नगर में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान हेतु भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह एवं स्वर्ण वैवाहिकी दंपत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला थे। विशिष्ट अतिथियों में रायगढ़ यूनिवर्सिटी के सचिव तरुण धर दीवान, डी.एल.एस. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रताप पाण्डेय, नयनतारा कॉलेज के डायरेक्टर प्रांजल शर्मा तथा राजकिशोर सरयूपारीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष आनंद पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने की।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन परंपरा के अनुसार भगवान परशुराम के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों के प्रेरणादायी उद्बोधन के पश्चात समाज के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं (सभी बोर्ड) की परीक्षाओं में 80 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
नारीशक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती चित्रा तिवारी ने बताया कि स्वर्ण वैवाहिकी दंपत्ति सम्मान समारोह के अंतर्गत ऐसे 25 दंपत्तियों का सम्मान किया गया, जिनके वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। समिति द्वारा उनके सफल, आदर्श एवं प्रेरणादायी दांपत्य जीवन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र भेंट किए गए।
इस अवसर पर कुल 50 मेधावी विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा समाज के विकास में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर मनीष शर्मा श्रीमती अनीमा तिवारी श्रीमती बरखा शर्मा श्रीमती गुंजा पाण्डेय, श्रीमती नेहा पाण्डेय श्रीमती शशि शर्मा, श्रीमती सिब्बी शर्मा, श्रीमती शिलम शर्मा, श्रीमती कावेरी शर्मा, मोहित मिश्रा कृष्णा पाण्डेय संजय पाण्डेय सहित समिति के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती चित्रा तिवारी ने किया तथा समिति के सक्रिय सदस्य आनंद पाण्डेय ने आभार प्रदर्शन व्यक्त किया।

अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति ने किया मेधावी छात्र-छात्राओं एवं स्वर्ण वैवाहिकी दंपत्तियों का सम्मान">







