
बिलासपुर /मस्तूरी:—- जिले में पुलिस विभाग पर गंभीर आरोप लगाने वाला मामला सामने आया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडा नागराडीह निवासी 21 वर्षीय समीर बंजारे ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मस्तूरी थाना में पदस्थ चार आरक्षकों पर फर्जी शराब तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।

शिकायत में समीर ने बताया कि 15 जून 2026 की शाम वह टिकारी गांव के स्कूल के पास बैठा था। इसी दौरान चार लोग वहां पहुंचे और स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए उसे मस्तूरी थाना ले गए। युवक का आरोप है कि थाना में उसे धमकाया गया कि यदि दो लाख रुपये नहीं दिए गए तो उसे 100 बोतल महुआ शराब की तस्करी के मामले में जेल भेज दिया जाएगा।
समीर के अनुसार, दबाव में उसने अपने परिजनों को फोन किया। इसके बाद उसके पिता और गांव के कुछ लोग थाना पहुंचे, जहां कथित रूप से 84 हजार रुपये नकद और 16 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर कुल एक लाख रुपये दिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि उससे और उसके पिता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।

युवक ने आरोप लगाया कि रकम लेने के बावजूद अगले दिन उसके खिलाफ शराब तस्करी का मामला दर्ज कर दिया गया। उसने कहा कि 16 जून को वह घर पर मौजूद था, फिर भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
समीर बंजारे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा कथित रूप से शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।








