
नारायणपुर:—- जिले के ओरछा क्षेत्र के लोगों के लिए हर वर्ष बारिश का मौसम कठिनाइयों और परेशानियों का पर्याय बन जाता था। पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग पर स्थित पिनगुंडा नाला बरसात के दिनों में उफान पर आ जाता था, जिससे नारायणपुर और ओरछा के बीच संपर्क पूरी तरह टूट जाता था। तहसील मुख्यालय ओरछा सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, प्रशासनिक कार्यों और दैनिक जरूरतों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित हो जाती थी।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा पिनगुंडा नाला पर 6 बॉक्स (7.00 × 6.00 मीटर) बॉक्स ब्रिज के निर्माण का निर्णय लिया गया। लगभग 258.25 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पुलिया का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है और इस पर आवागमन भी शुरू हो गया है। पुलिया के निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान मिल गया है।
अब वर्षा ऋतु में भी नारायणपुर से ओरछा तक का मार्ग निर्बाध बना रहेगा। पहले जहां बारिश होते ही लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था या लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता था, वहीं अब वे सुरक्षित और सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
इस पुलिया के शुरू होने से ओरछा तहसील मुख्यालय और आसपास के गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क लगातार बना रहेगा। मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित नहीं होगी और शासकीय योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक आसानी से पहुंचेगा। साथ ही कृषि उपज और अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में भी सुविधा मिलने से स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि वर्षों से जिस समस्या का सामना पूरा क्षेत्र कर रहा था, उसका समाधान अब संभव हो पाया है। यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का सेतु बन गया है।
पिनगुंडा नाला पर निर्मित यह पुलिया शासन की जनहितैषी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। इस महत्वपूर्ण निर्माण से ओरछा क्षेत्र के हजारों लोगों का जीवन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बना है तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिली है।

जिले के पिनगुंडा नाला पर पुलिया निर्माण से ओरछा क्षेत्र को मिली बड़ी राहत">






