
सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली
कोण्डागांव :— जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।
सांसद नाग ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह के दौरान शांति, उल्लास और स्वतंत्रता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। साथ ही मुख्य अतिथि ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की और शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया।

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मुकेश जोशी एवं परेड टू आईसी निरीक्षक रितेश मिश्रा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक राहुल गौतम, जिला पुलिस बल के प्लाटून कमांडर उप निरीक्षक धर्मेंद्र लहरे,
बस्तर फाइटर पुरुष के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक रश्मि मिंज, बस्तर फाइटर महिला के प्लाटून कमांडर प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुनयना मिंज, नगर सेना के प्रशिक्षु उप निरीक्षक संदीप सिंह, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के टुकड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा की भावना के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों ने बस्तर की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं और नृत्यों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया।









