
बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। समारोह में देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश माननीय श्री न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।
मुख्य न्यायाधीश ने गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। पुलिस बल, सीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स द्वारा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया और मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की मनमोहक झलक भी देखने को मिली। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक कर्मा नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगत बिखेर दी।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य न्यायाधीश द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान की स्वर लहरियों के साथ समारोह का समापन हुआ।
इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायमूर्तियों द्वारा उच्च न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
समारोह में न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, रजिस्ट्रार जनरल, न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में गरिमामय माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कर्मा नृत्य ने मोहा मन">








