
बिलासपुर:— मोपका चौकी पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी का है। प्रार्थिया रिंकी सेन निवासी रामकृष्ण नगर मोपका ने 12 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 85 हजार रुपये का सामान और नगदी चोरी कर ले गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 878/2026, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेही मोहित ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी भाटापारा मोपका को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मुताबिक मुख्य आरोपी ने उसे घर के बाहर खड़ा कर आने-जाने वालों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी थी, जिसके एवज में उसे 15 हजार रुपये दिए गए थे। आरोपी ने इनमें से 14 हजार रुपये खर्च करना बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर मोहित ध्रुव को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में मुख्य आरोपी अभी फरार है और चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी शेष है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फरार">







