
रतनपुर…सिल्ली मोड़ के पास शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे करीब एक माह की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची को अकेले देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित अस्पताल भेजा
पुलिस के अनुसार, बच्ची फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद उसकी बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उसे बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार एवं देखभाल की जा रही है।
मासूम को यहां कौन छोड़ गया?
करीब एक माह की बच्ची को इस तरह सुनसान स्थान पर अकेला छोड़ दिए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर मासूम को सिल्ली मोड़ पर कौन छोड़कर गया? बच्ची को यहां छोड़ने के पीछे क्या वजह थी? क्या कोई मजबूरी थी या फिर जानबूझकर उसे लावारिस हालत में छोड़ा गया?इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बच्ची के परिजनों की पहचान तथा उनके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षित मिली मासूम, लेकिन कई सवाल छोड़ गई घटना
समय रहते स्थानीय लोगों की नजर बच्ची पर पड़ गई और पुलिस को सूचना मिल गई, जिससे मासूम को सुरक्षित बचाया जा सका। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने संवेदनशील सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर एक नन्ही सी जान को इस तरह अकेला छोड़ने की नौबत क्यों आई?पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची को सिल्ली मोड़ पर कौन छोड़कर गया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।







