
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर चाकू लहराते हुए वीडियो बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो में दो युवक हाथों में धारदार चाकू लेकर डांस करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को Youth Times Digital Media के इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए वीडियो सामने आया। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी ने टीम गठित कर वीडियो में नजर आ रहे युवकों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने दोनों की पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू के रूप में की। पूछताछ के दौरान दोनों ने वीडियो में चाकू लहराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए।
मामले में थाना सकरी में अपराध क्रमांक 822/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इंस्टाग्राम पर चाकू लहराकर डांस करना पड़ा भारी, सकरी पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार">








