ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर :—सरकंडा पुलिस ने खड़ी गाड़ियों में आग लगाने और आतंक फैलाने वाले शातिर आरोपी महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की रात सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी। वहीं, 13 सितंबर की रात बंधवापारा निवासी नफीस खान से शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर आग के हवाले कर दी गई।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भंडारी प्लांट, बंधवापारा निवासी 29 वर्षीय महेश साहू को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन एवं पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य की टीम ने की।

सरकंडा में खड़ी गाड़ियों को आग लगाने वाला शातिर गिरफ्तार, दो वारदातों का खुलासा">








