
*गरियाबंद*:- रविवार को छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सारागांव में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम के साथ प्रतिभा महिला ग्राम संगठन का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू पहुंचे, जहां ग्रामवासियों ने उनका एवं अतिथियों का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केशरी ध्रुव, जनपद सदस्य नारायण सिन्हा एवं पंकज निर्मलकर, सरपंच इंडेश्वरी कंवर, उपसरपंच कामता यादव, ग्रामीण अध्यक्ष कुंदन लाल निर्मलकर, कोषाध्यक्ष प्रताप दीवान, सलाहकार उत्तम चंद्राकर, प्रतिभा महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष धनमत दीवान एवं सचिव नीरा यदु सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सड़क से लेकर भवन तक विकास कार्यों की सौगात
विधायक रोहित साहू ने सारागांव में बिरझु घर से देव ठाकुर घर तक सीसी रोड निर्माण, डुमरडीह में सीसी रोड निर्माण तथा स्कूल भवन मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं प्रतिभा महिला ग्राम संगठन भवन के जीर्णोद्धार एवं टिनशेड निर्माण का लोकार्पण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की मांगों पर विधायक ने रंगमंच, मुक्तिधाम एवं शीतला मंदिर सामुदायिक भवन के लिए स्वीकृति की घोषणा की। वहीं सोमलता कंवर एवं हिमांशी नायक के लिए सात-सात हजार रुपये तथा उत्तरा ध्रुव को मंदिर जीर्णोद्धार के लिए 15 हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की।
280 प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का बताया तोहफा
जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सारागांव में पहले 218 प्रधानमंत्री आवास बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 280 आवासों की स्वीकृति ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है।
विधायक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना, भूमिहीन परिवारों को सहायता तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।
टूटे पुल और सड़क चौड़ीकरण पर विधायक ने दिया भरोसा
रोहित साहू ने कोसमबुड़ा और सारागांव के बीच टूटे पुल को जल्द बड़े पुल के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कोसमबुड़ा से चूरकीदादर तक सड़क चौड़ीकरण की दिशा में कार्य करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने जिला मुख्यालय में ट्रामा सेंटर, विद्यार्थियों के लिए लाइब्रेरी तथा छुरा-कौंदकेरा-राजिम मार्ग के कार्यों का भी उल्लेख किया। विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि आने वाले ढाई वर्षों में राजिम विधानसभा क्षेत्र का विकास प्रदेश के लिए एक मॉडल के रूप में सामने आए।
“सारागांव ने मुझे आशीर्वाद दिया, अब विकास की जिम्मेदारी मेरी”
विधायक ने चुनाव के दौरान सारागांव से मिले समर्थन को याद करते हुए कहा कि चुनाव से पहले वे जनता के बीच आशीर्वाद लेने पहुंचे थे और ग्रामीणों ने उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि उस समय ग्रामीणों की प्रमुख चिंता पक्के मकान और मूलभूत सुविधाओं को लेकर थी। अब सरकार गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
मीरा ठाकुर बोलीं—गांव-गांव पहुंच रहे विधायक
जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि विधायक रोहित साहू गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीणों के लिए विधायक तक पहुंचना कठिन माना जाता था, लेकिन अब विधायक स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और विकास कार्यों की पहल कर रहे हैं।
लेखराज ध्रुवा ने बताया संघर्ष से शिखर तक पहुंचने वाला जनप्रतिनिधि
जिला पंचायत कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि रोहित साहू ने पंच-सरपंच से लेकर जिला पंचायत और विधायक तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से राजनीति में आगे बढ़ने के कारण उन्हें ग्रामीणों की समस्याओं और विकास की जरूरतों की बेहतर समझ है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने महिला संगठन की महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद विधायक ने महिला संगठन की महिलाओं एवं ग्रामवासियों के साथ पंडाल में बैठकर भोजन भी किया।
इस अवसर पर दिनदयाल साहू, कुंजलाल यदु, प्रेम देवांगन, संजय साहू, गोकुल ध्रुव, मेंदनी ध्रुवा, राखी निर्मलकर, रामायण कंवर, पंचराम ध्रुव, उमेश निषाद, महेश निर्मलकर, चुरामन दीवान, महेश कंवर, रमेश कंवर, मिथलेश कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

लाखों के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, 280 प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का जिक्र; विधायक बोले—ढाई साल में राजिम विधानसभा को बनाएंगे विकास का मॉडल">





