
वायरल वीडियो के मामले में सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों को चेतावनी
बिलासपुर। गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन और पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन करते हुए बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर गरबा टिकट एवं मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रसारित किया गया था। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, एक शिकायतकर्ता ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि एक महिला और उसके महिला-पुरुष सहयोगियों ने गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा पिस्टलनुमा वस्तु हाथ में लेकर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। शिकायत में इस सामग्री से भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के विपरीत संदेश जाने और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई।
शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 1390/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 299 एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। साथ ही, आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने दी चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज या प्रचार पाने के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का आपत्तिजनक इस्तेमाल करने और हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।








