
बिलासपुर:— बिलासपुर में कांग्रेस कार्यालय के भीतर भाजपा महिला नेत्रियों एवं कार्यकर्ताओं के पहुंचने और नारेबाजी करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इस घटना पर आपत्ति जताते हुए पुलिस प्रशासन से संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे भाजपा की महिला नेत्रियां एवं कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने बिना पूर्व सूचना और अनुमति के कार्यालय परिसर में प्रवेश किया तथा बैनर, पोस्टर और तख्तियां लगाकर नारेबाजी की। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने जिला अध्यक्ष और ग्रामीण जिला अध्यक्ष को इसकी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा और जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली में मौजूद हैं। इसी दौरान बिलासपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में यह घटनाक्रम हुआ।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने घटना की निंदा करते हुए इसे पार्टी कार्यालय की मर्यादा के विरुद्ध बताया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और भाजपा पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।







