
बिलासपुर:– जिले में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला कोषालय का छमाही निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न वित्तीय कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डबल लॉक व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया और संबंधित पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की। उन्होंने स्टाम्प एवं टिकटों के संधारण, बिल पारित करने की प्रक्रिया, पेंशन भुगतान और लेखा संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के साथ ही बिलों और पेंशन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है, ताकि भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी बसंत गुलेरी, सहायक कोषालय अधिकारी सुजीत कुमार पात्रे, खजांची ज्ञानू भारद्वाज, के.के. यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किया जिला कोषालय का निरीक्षण, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश">







