
बिलासपुर :— विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर बिलासपुर में लोगों को डायबिटीज यानी मधुमेह के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। विवेकानंद गार्डन यानी कंपनी गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। रैली के माध्यम से नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
दरअसल, 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर विवेकानंद गार्डन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला बिलासपुर के संरक्षक संजय अग्रवाल की मौजूदगी में निकाली गई इस रैली में वरिष्ठ चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों और स्काउट्स एवं गाइड्स के रोवर्स तथा रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को मधुमेह के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान, शारीरिक सक्रियता और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि समय रहते सावधानी, नियमित जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव करके मधुमेह के खतरे को कम किया जा सकता है।
इस दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्यालय आयुक्त टुकेश्वर यादव, जिला प्रशिक्षण आयुक्त संतोष कुमार त्रिपाठी, जिला संगठन आयुक्त महेंद्र बाबू टंडन, गाइडर चेतना सिंह ठाकुर, कौशल्या साहू सहित बड़ी संख्या में रोवर्स एवं रेंजर्स मौजूद रहे।
संदेश साफ है—स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, नियमित जांच कराएं और मधुमेह के प्रति जागरूक रहें।







