
*नारायणपुर*- नारायणपुर मालक परिवहन संघ में चुनाव को लेकर जारी विवाद के बीच सहायक रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं, बस्तर संभाग ने 18 नवंबर को लिखित आदेश जारी कर अपील का अंतिम निराकरण होने तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि पूर्व अध्यक्ष किशोर आर्य द्वारा रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत अपील लंबित है, ऐसे में समानांतर चुनाव कराना उचित नहीं होगा। साथ ही आदेश में मनीष राठौर को संघ का अध्यक्ष बने रहने की बात कही गई है। गौरतलब है, कि संघ की कार्यकारिणी ने पूर्व अध्यक्ष किशोर आर्य, पूर्व सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता और पूर्व कोषाध्यक्ष मुकेश पिंचा की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया था। इसके बाद 13 नवंबर को संरक्षकों द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने से विवाद गहरा गया।
विवाद की मुख्य वजह पूर्व पदाधिकारियों के कार्यकाल के दौरान हुए वित्तीय लेन-देन, सदस्यता शुल्क और ट्रांसपोर्टर के साथ किए गए अनुबंध का हिसाब सदस्यों के सामने नहीं रखे जाने को बताया जा रहा है। संघ के बैंक खाते में 53 लाख रुपये जमा होने की जानकारी दी गई है, जबकि सदस्यता शुल्क से प्राप्त राशि 59.52 लाख रुपये बताई गई है।

सहायक रजिस्ट्रार का आदेश: अपील लंबित रहने तक चुनाव पर रोक, मनीष राठौर ही रहेंगे अध्यक्ष">








