
बिलासपुर जिले का पहला eDAR प्रकरण तैयार, एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
बिलासपुर:—सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार और आर्थिक सहायता मिल सके, इसके लिए बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने सराहनीय पहल की है। प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के तहत घायल युवक को डेढ़ लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई है। खास बात यह है कि इसे बिलासपुर जिले का पहला eDAR प्रकरण बताया गया है।
दरअसल, 2 नवंबर 2026 को नेहरू चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर जयंत यादव अपनी स्कूटी से मंदिर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक की कथित लापरवाही से दुर्घटना हो गई। हादसे में जयंत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह और आरक्षक सोनू भार्गव की टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ ही मिनटों में राहत प्रकरण तैयार किया और पीएम राहत पोर्टल तथा eDAR पोर्टल पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस की इस त्वरित पहल से पीड़ित को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी की प्रशंसा की। वहीं सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह को 500 रुपये और आरक्षक सोनू भार्गव को 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
एसएसपी ने जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

सड़क हादसे में घायल युवक को तत्काल मिलेगी डेढ़ लाख की सहायता, सिविल लाइन पुलिस की बड़ी पहल">






