
*गरियाबंद*:-जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन ग्रामों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों के जीवन में पीएम जनमन योजना से उजियारा आया है। योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा जिले की 12 अविद्युतीकृत बसाहटों के 80 कमार परिवारों के घरों में सोलर होमलाइट संयंत्र स्थापित कर सौर विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया गया है।
पूर्व में इन बसाहटों में समुचित विद्युत व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रात्रि के समय अंधेरे में जीवनयापन करना पड़ता था। भारत सरकार की पीएम जनमन योजना के तहत प्राप्त निर्देशों एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी से प्राप्त जानकारी के आधार पर इन बसाहटों में 80 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया।
सर्वेक्षण के बाद क्रेडा प्रधान कार्यालय रायपुर द्वारा जारी कार्यादेश के अनुसार प्रथम चरण में 53 तथा द्वितीय चरण में 27 परिवारों के घरों में सोलर होमलाइट संयंत्र स्थापित किए गए।
सौर ऊर्जा से घरों में रोशनी की सुविधा मिलने से परिवारों को रात्रि के समय आजीविका संबंधी कार्य करने में सहूलियत हो रही है। साथ ही बच्चों को शाम के समय पढ़ाई-लिखाई के लिए भी बेहतर सुविधा मिल रही है। सोलर होमलाइट प्रणाली में मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने में आसानी हो रही है।
योजना के तहत कमारभौंदी, आमामोरा कमारपारा, कुकरार कमारपारा, हथौड़ाडीह, अमलोर, नगरार, नारीपानी, कवरआमा, जुगाड़ पुरानीबस्ती, भालूडिग्गी, ताराझर, दुमाधार, राताखालपारा एवं कांटासेम्हलपारा की बसाहटों में कुल 80 परिवारों को सोलर होमलाइट की सुविधा प्रदान की गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों के जीवन में सुविधा और सकारात्मक बदलाव आया है।

पीएम जनमन योजना से कमार परिवारों के घर हुए रोशन, 80 परिवारों को मिला सोलर होमलाइट का लाभ">







