सिद्ध बाबा आश्रम और लक्ष्मीनारायण मंदिर में श्रद्धालुओं ने टेका मत्था
30000 से भी अधिक श्रद्धालुओं का हुआ पदार्पण
सिद्ध बाबा आश्रम में नवनिर्मित राम कुटी का हुआ लोकार्पण व संगीत निशा के आयोजन के साथ ही लगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
बस्ती स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में दमा रोगियों को मिली दवा
मुख्य चौक पर भक्तों द्वारा लगाया गया भंडारा
बेलगहना:— शरद पूर्णिमा का पावन पर्व यहां बड़ी धूमधाम से मनाया गया जिसमें श्रद्धा भक्ति व आस्था का अटूट संगम देखने को मिला।
सुबह पाँच बजे से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था जो अनवरत रात्रि 1:00 बजे तक चलता रहा।
श्री सिद्ध बाबा आश्रम में प्रथम हॉस्पिटल बिलासपुर के डॉक्टर रजनीश पांडे के द्वारा अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसे अच्छा प्रतिसाद मिला
वही आश्रम परिसर में नवनिर्मित रामकुटी का स्वामी शिवानंद महाराज द्वारा लोकार्पण किया गया साथ ही पूरी रात आश्रम परिसर में संगीत निशा का आयोजन हुआ
जिसमें शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति, भजन व कीर्तन का गायन किया गया। रात्रि 12:00 बजे के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
इसी प्रकार बस्ती स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में दमा रोगियों को औषधि युक्त खीर का प्रसाद वितरित किया गया जिसमें 3000 से भी अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
दूर-दूर से आए भक्तों ने पत्रिका से चर्चा में दवा के प्रभावी व कारगर होने की बात कही।
पामगढ़ क्षेत्र से आए एक भक्त ने बताया कि उसके पुत्र को श्वास से संबंधित तकलीफ थी जिसे महीने में तीन से चार बार अस्पताल दाखिल करना पड़ता था
किंतु लक्ष्मीनारायण मंदिर की दवा से उसका पुत्र एकदम स्वस्थ है और उसे अस्पताल के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली। यहां के धर्म प्रेमियों द्वारा मुख्य चौक पर विशाल भंडारा का आयोजन किया गया था
जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि खराब मौसम के बावजूद इस वर्ष भी 30000 से अधिक श्रद्धालुओं का पदार्पण हुआ और सिद्ध बाबा आश्रम के नीचे स्थित ग्राउंड में विशाल रात्रि कालीन मेला आयोजित हुआ
, जिसका आए हुए लोगों ने लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की भगदड़ अथवा अप्रिय घटना घटित नहीं हुई
जिसके लिए आयोजको ने पुलिस प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।











