
सीपत:—थाना सीपत पुलिस ने दो वर्ष पुराने नकबजनी के मामले में फरार महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी महिला झाड़-फूंक के बहाने घर में प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम पार कर फरार हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो (19 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई कानगो ने झाड़-फूंक कराने के लिए ग्राम जाली निवासी जनक राम सौंरा और उसकी पत्नी को घर बुलाया था। झाड़-फूंक के दौरान एक पेटी में लगभग 50 हजार रुपये नगद, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की फुली और चांदी की अंगूठियां रखकर ताला बंद कर दिया गया था।
बताया गया कि झाड़-फूंक के दौरान जनक राम सौंरा ने परिवार के लोगों को नींबू देकर घर के बाहर और आंगन में गाड़ने के लिए भेज दिया। जब करीब दस मिनट बाद वे लोग वापस कमरे में पहुंचे तो जनक राम सौंरा और उसकी पत्नी यह कहकर चले गए कि पेटी को सुबह तक नहीं खोलना है और रात भर दिया जलने देना है। सुबह जब पेटी खोली गई तो उसमें रखे नगदी और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इस प्रकार लगभग 60 हजार रुपये की चोरी हो गई थी।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जनक राम सौंरा की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई सौंरा उर्फ शांति बाई जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।
14 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं ग्राम बनियाडीह में घूम रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ पहुंचकर संदिग्ध महिला से पूछताछ की। शुरू में वह अपना नाम-पता गलत बता रही थी, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई सौंरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) निवासी जाली थाना रतनपुर, हाल मुकाम सौरा मोहल्ला चकरभाठा होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।









