
बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला सेवा सहकारी समिति मर्यादित, गतौरा के धान खरीदी केंद्र का है, जहां धान खरीदी में भारी हेर-फेर और गबन का खुलासा हुआ।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मस्तुरी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 213/2025, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
संयुक्त जांच टीम द्वारा भौतिक सत्यापन के दौरान पाया गया कि केंद्र में 919.96 क्विंटल धान की कमी है।
इस गड़बड़ी से शासन को करीब 28 लाख 51 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
जांच में सामने आया कि संस्था प्रबंधक, अध्यक्ष, धान खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर ने मिलकर जानबूझकर धान गबन किया।
गिरफ्तार आरोपी –
कोमल प्रसाद चंद्रकार (46 वर्ष)
राजेन्द्र राठौर (64 वर्ष)
हुलेश्वर धीरही (38 वर्ष)
पुलिस ने तीनों आरोपियों को उनके निवास स्थान से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।









