
बिलासपुर पुलिस ने एक बड़े फर्जी मैरिज ब्यूरो गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ठगी के इस नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। यह गिरोह फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए शादी के नाम पर लोगों को ठग रहा था।
दिनांक 03 अप्रैल 2026 को की गई कार्रवाई में पुलिस ने शहर के सरकंडा और कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित कॉल सेंटरों पर छापेमारी की। यहां से मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहे फर्जी नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी शादी के इच्छुक लोगों को झांसा देकर उनसे पैसे वसूलते थे। ग्राहकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के लिए युवतियों से फर्जी प्रोफाइल बनवाकर बातचीत कराई जाती थी।
अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने 10 कंप्यूटर सेटअप, 70 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। साथ ही चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी –महारथी साहूफुलेश्वर प्रसाद श्रीवासतरुणा उर्फ सोनु खरेनीरा बाथम
मामले की शुरुआत बैंक खातों की जांच से हुई, जहां म्यूल खातों के जरिए लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि खाताधारकों के नाम पर चल रहे खातों का इस्तेमाल अन्य लोग कर रहे थे।
एक शिकायत में बिहार के एक व्यक्ति से शादी के नाम पर 10 हजार रुपये ठगे जाने का मामला भी सामने आया। रकम लेने के बाद कोई सेवा नहीं दी गई, जिसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 318(4) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे फर्जी मैरिज ब्यूरो पर नजर बनाए रखी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।









