ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर :—-बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राम गोपाल गर्ग ने बुधवार को रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सुशासन तिहार’ पर रहेगा विशेष जोर
आईजी गर्ग ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार 01 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार’ के दौरान आम जनता से प्राप्त शिकायतों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारने में कोई कोताही न बरती जाए।
2374 लंबित मर्ग प्रकरणों के निराकरण का लक्ष्य
बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुए आईजी ने रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों पर चिंता जताई। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2024 से पहले के मामलों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। हत्या जैसे गंभीर मामलों में जांच की गति बढ़ाने के लिए डीएनए (DNA) जांच और एफएसएल (FSL) रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर मंगवाने को कहा गया है।
पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया होगी आसान
नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आईजी ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि:
पासपोर्ट सत्यापन का कार्य अनिवार्य रूप से 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए।
नागरिकों को सत्यापन के लिए बेवजह थाने न बुलाया जाए।
भौतिक दस्तावेज सत्यापन की पुरानी बाध्यता को खत्म कर ऑनलाइन प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए।
सुरक्षा और प्रभावी गश्त के निर्देश
बैठक में खनन (माइनिंग) क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए वहां काम करने वाले बाहरी कर्मियों की मुसाफिरी दर्ज करने को कहा गया। साथ ही, नेशनल हाईवे पर अपराध रोकने के लिए ‘हाईवे पेट्रोलिंग’ को और अधिक सक्रिय करने तथा अंतरराज्यीय जांच के लिए जाने वाली पुलिस टीमों को निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
समीक्षा बैठक में डीआईजी व रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह, मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही एसपी मनोज खिलारी, कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी, सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, जांजगीर-चाम्पा एसपी सुश्री निवेदिता पॉल, बिलासपुर एएसपी श्रीमती मधुलिका सिंह और डीएसपी विवेक शर्मा उपस्थित रहे।







