ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:— रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों के तार देशभर में हुए करोड़ों रुपये के साइबर अपराधों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नर्मदा नगर कॉलोनी निवासी एक महिला को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर अलग-अलग तिथियों में कुल 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के समस्तीपुर निवासी एवं वर्तमान में रायपुर में रह रहा मुकेश कुमार दास (29), रायगढ़ निवासी केशव साव, सक्ती निवासी संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की तथा सक्ती निवासी एवं वर्तमान में रायपुर में रह रहे शिशिर राठौर (35) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के बैंक खाते के खिलाफ गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में पांच साइबर शिकायतें दर्ज हैं। वहीं मुख्य आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों में कुल 13 साइबर फ्रॉड शिकायतें पाई गईं। इन खातों से जुड़े मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का लेन-देन सामने आया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी केशव साव के खाते में लगभग 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में करीब 1 लाख रुपये होल्ड कराया है। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी साइबर अपराध से प्राप्त रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त और ट्रांसफर करते थे।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के खातों के विरुद्ध देश के कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं, जिससे गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
यह कार्रवाई आईजीपी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, नोडल अधिकारी गगन कुमार एवं थाना प्रभारी प्रसाद सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक कामिल हक, प्रधान आरक्षक सैयद साजिद, एएसआई जीवन साहू, वरिष्ठ आरक्षक भानु प्रताप, दीपक यादव, दीपक कौशिक, विजेंद्र मरकाम, चिरंजीव और मुकुंद नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर आने वाले अनजान लिंक, कॉल और सोशल मीडिया ग्रुप्स से सावधान रहने की अपील की है।








