
देश में अब आंधी, तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से पहले लोगों को सीधे उनके मोबाइल फोन पर चेतावनी मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम के अचानक बदलते ही करोड़ों लोगों के मोबाइल फोन पर तेज सायरन के साथ “Extremely Severe Alert” और “Presidential Alert” जैसे संदेश दिखाई दिए, जिससे लोग चौंक गए।
सरकार और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीएमए द्वारा शुरू की गई इस नई आपातकालीन चेतावनी प्रणाली के तहत मौसम विभाग की गंभीर चेतावनियां सीधे लोगों के स्मार्टफोन तक पहुंचाई जा रही हैं। अलर्ट में अगले तीन घंटों के भीतर 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई।
यह नया SOS अलर्ट सिस्टम सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक पर आधारित है, जिसके जरिए किसी विशेष क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ चेतावनी संदेश भेजा जा सकता है। यह अलर्ट सामान्य एसएमएस की तरह नहीं होता, बल्कि स्क्रीन पर अलग से दिखाई देता है और इसके साथ तेज चेतावनी ध्वनि भी सुनाई देती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएगी। इससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और जरूरी सावधानियां बरतने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। भविष्य में इस सिस्टम का उपयोग बाढ़, भूकंप, बिजली गिरने, युद्ध या अन्य राष्ट्रीय आपात स्थितियों में भी किया जा सकेगा।
फिलहाल मौसम विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि ऐसे किसी भी अलर्ट को नजरअंदाज न करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
“खतरे से पहले चेतावनी… अब आपका मोबाइल बनेगा आपकी सुरक्षा का सबसे बड़ा साथी।”







