
नारायणपुर,:—- आकांक्षी जिला नारायणपुर के गुरिया में अबूझमाड़ प्रोडक्शन समृद्धि महिला प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा नीति आयोग एवं पीपीआईए फेलो की टीम ने भाग लिया। बैठक में एफपीओ की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

एफपीओ की निदेशक सत्या बेसरा, दयावती एवं तुलेंद्री के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाएं सामूहिक कृषि एवं आजीविका गतिविधियों को सशक्त बनाते हुए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। बैठक में महिलाओं की आर्थिक प्रगति और संगठन को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर के सहयोग से कस्टम हायरिंग सेंटर को शीघ्र संचालित करने पर सहमति बनी। इसके माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में उत्पादन वृद्धि, उर्वरक प्रबंधन और मिलेट प्रोसेसिंग जैसे कार्यों को भी एफपीओ के माध्यम से संचालित करने की योजना बनाई गई।
एनआरएलएम की टीम ने एफपीओ को संग्रहण, विपणन एवं किसान जुड़ाव गतिविधियों में सहयोग देने का आश्वासन दिया। अधिक से अधिक किसानों को एफपीओ से जोड़ने तथा उनकी क्षमता वृद्धि के लिए आवश्यक प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किए जाएंगे। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी मिलने के साथ-साथ बाजार से बेहतर जुड़ाव भी स्थापित होगा।
बैठक में बताया गया कि हाल ही में वनमंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से भारतीय मिलेट अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर), हैदराबाद के सहयोग से एफपीओ को ट्रैक्टर, ट्रॉली, कल्टीवेटर, हैरो सहित अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन संसाधनों से कृषि कार्यों, परिवहन व्यवस्था तथा सामूहिक व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही महिलाओं की आय बढ़ाने और संगठन की कार्यक्षमता को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. दिव्येंदु दास एवं हरेन्द्र टोंडय, एनआरएलएम से जिला परियोजना प्रबंधक नितेश देवांगन एवं दुर्गा, नीति आयोग फेलो, अर्पिता तथा पीपीआईए फेलो राहुल कुशवाहा उपस्थित रहे। एफपीओ की ओर से सत्या बेसरा सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

नारायणपुर की महिलाएं लिख रहीं आत्मनिर्भरता और समृद्धि की नई इबारत">







