
मस्तूरी /बिलासपुर :—-बिलासपुर जिले के मल्हार क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना करने से नाराज एक व्यक्ति ने युवक के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
मामला चौकी मल्हार थाना मस्तूरी क्षेत्र का है। धनगवां मल्हार निवासी 26 वर्षीय मनिकेश पाटले ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में ग्राम किसान परसदा निवासी मोहित कुर्रे भी शामिल हुआ था।

शिकायत के अनुसार समारोह के दौरान मोहित कुर्रे ने मनिकेश से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब मनिकेश ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने मनिकेश के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को जानकारी दी और अगले दिन चौकी मल्हार पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और ग्राम धनगवां से आरोपी मोहित कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई को मल्हार पुलिस ने बेहद तत्परता से अंजाम दिया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। शादी समारोह में हुई इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।






