
बारीडीह में पुलिस की रेड कार्रवाई, 1400 रुपये की अवैध शराब जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रतनपुर…नशे के कारोबारियों के खिलाफ रतनपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने ग्राम बारीडीह में छापेमार कार्रवाई कर एक शराब कोचिये को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बारीडीह निवासी पुरुषोत्तम श्रीवास अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के घर से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 1400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी पुरुषोत्तम श्रीवास, उम्र 59 वर्ष, के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक देवकी रावटे, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुंटे और आरक्षक देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








