
एसपी ने किया था निरीक्षक निलेश पांडे की नियुक्ति, अब तक नहीं संभाला पदभार
धार्मिक और पर्यटन नगरी में थाना प्रभारी की कमी बनी चर्चा का विषय
रतनपुर… बिलासपुर जिले का महत्वपूर्ण रतनपुर थाना पिछले एक महीने से स्थायी थाना प्रभारी के बिना संचालित हो रहा है। प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के स्थानांतरण के बाद पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा निरीक्षक निलेश पांडे को रतनपुर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था, लेकिन आदेश जारी होने के बाद भी उन्होंने अब तक अपना पदभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में थाना वर्तमान में उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी के भरोसे संचालित हो रहा है।
रतनपुर थाना जिले के महत्वपूर्ण थानों में शामिल
रतनपुर धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से जिले का अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। मां महामाया मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के कारण यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखने में थाना प्रभारी की भूमिका अहम मानी जाती है।
प्रशिक्षु आईपीएस के जाने के बाद खाली हुआ था पद
रतनपुर थाना में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के कार्यकाल समाप्त होने के बाद थाना प्रभारी का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने निरीक्षक निलेश पांडे को थाना प्रभारी नियुक्त करने का आदेश जारी किया था। हालांकि नियुक्ति आदेश के बाद भी उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
पहले भी संभाल चुके हैं रतनपुर थाना
निरीक्षक निलेश पांडे इससे पहले भी रतनपुर थाना प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों से वे भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति के बाद भी पदभार ग्रहण नहीं करने को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
उप निरीक्षक के भरोसे चल रहा थाना
वर्तमान में थाना संचालन की जिम्मेदारी उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी संभाल रहे हैं। पुलिस की नियमित कार्रवाई जारी है और अपराध नियंत्रण की दिशा में भी काम किया जा रहा है, लेकिन स्थायी प्रभारी की अनुपस्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
लोगों के बीच उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि रतनपुर जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र में लंबे समय तक थाना प्रभारी का पद खाली रहना उचित नहीं है। लोगों के बीच यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर निरीक्षक निलेश पांडे ने अब तक पदभार क्यों ग्रहण नहीं किया और यदि वे नहीं आ रहे हैं तो विभाग द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है।
विभाग की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
पूरे मामले में पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रतनपुर थाना को स्थायी प्रभारी कब मिलता है और लंबे समय से चली आ रही इस स्थिति का समाधान कब होगा।

एक महीने से प्रभारी विहीन रतनपुर थाना, उप निरीक्षक के भरोसे चल रही व्यवस्था">







