
50 वर्ष बाद भी आपातकाल की विभीषिका देश के मानस पर अंकित, सत्ता बचाने के लिए संविधान को बनाया था बंधक : गोमती साय
पत्थलगांव :—सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने विधायक निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला और शर्मनाक अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सत्ता बचाने के लिए संविधान की आत्मा का गला घोंटते हुए पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया। यह वह दौर था जब लोकतंत्र कैद था, संविधान बंधक था और देश भय एवं दमन के साये में जीने को मजबूर था।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान विपक्ष के नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों लोकतंत्र सेनानियों को बिना किसी अपराध के जेलों में डाल दिया गया। प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई, न्यायपालिका पर दबाव बनाया गया और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचल दिया गया। यह केवल राजनीतिक दमन नहीं था, बल्कि देश की लोकतांत्रिक चेतना पर किया गया सबसे बड़ा हमला था।
गोमती साय ने कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान बचाने का ढोंग कर रही है, जबकि इतिहास गवाह है कि लोकतंत्र की हत्या करने का सबसे बड़ा अपराध उसी ने किया था। सत्ता के मद में चूर कांग्रेस ने पूरे देश को भय, दमन और तानाशाही के वातावरण में झोंक दिया था। देश की जनता इस विश्वासघात को कभी नहीं भूलेगी और लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के अदम्य साहस, लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष और देशवासियों की लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था ने अंततः तानाशाही को पराजित किया। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी को आपातकाल की सच्चाई बताई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सत्ता संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की भावना के अनुरूप सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को मजबूत करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को और सशक्त बना रही है। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल की 50वीं बरसी केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराने का दिवस है। भाजपा पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आपातकाल की विभीषिका और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से अवगत करा रही है, जिससे देश का लोकतांत्रिक भविष्य और अधिक मजबूत हो सके।
प्रेस वार्ता में निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, आलोक सारथी, अंकित बंसल एवं हेमंत बंजारा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा’">








