
बिलासपुर/सीपत:—नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम भिल्मी में छापेमार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “चेतना विरुद्ध नशा” अभियान के तहत 23 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम भिल्मी में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान विनोद सूर्यवंशी (32 वर्ष), निवासी भिल्मी, थाना सीपत को अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री करते पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीपत पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।






