
बिलासपुर :—-हे मेघराज! अब तो बरसिए… क्योंकि मानसून की दस्तक के बाद भी बिलासपुर भीषण गर्मी और उमस से बेहाल है। हालात ऐसे हैं कि बिलासपुर एक बार फिर छत्तीसगढ़ का टॉप हीट सिटी बन गया है।
गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है। पिछले 10 दिनों में 6 दिन बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। बादल तो आ रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून प्रदेश में पहुंच चुका है, लेकिन व्यापक बारिश के लिए केवल मानसून का प्रवेश पर्याप्त नहीं होता। नमी, हवा की दिशा, द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण जैसी मौसमीय परिस्थितियों का अनुकूल होना भी जरूरी है। फिलहाल सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन उनकी तीव्रता कम होने के कारण अच्छी बारिश नहीं हो पा रही।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और उमस स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और बच्चों तथा बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की धूप से बचने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने 26 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई है, लेकिन फिलहाल बिलासपुर को अच्छी बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
अब देखना होगा कि मेघराज कब मेहरबान होते हैं और तपती धरती को राहत की पहली फुहार कब मिलती है।








