
रतनपुर के चर्चित बकरी चोरी मामले में भी आरोपी हैं शामिल, प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के बाद भेजे गए न्यायिक रिमाड
रतनपुर….कोटा खेत समतलीकरण कराने का झांसा देकर 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जबरन वसूली करने वाले छह आरोपियों को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सभी आरोपी पहले से ही रतनपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बकरी चोरी प्रकरण में गिरफ्तार थे। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
खेत समतलीकरण के नाम पर लगाया लाखों का चूना
पुलिस के अनुसार,श्रीपारा निवासी रामनारायण पोर्ते ने 23 जून 2026 को थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने खेत समतलीकरण कराने का भरोसा दिलाकर उनसे 9 लाख रुपये की ठगी कर ली और बाद में फरार हो गए। शिकायत पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 61(2), 112, 308, 313 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
रतनपुर के बकरी चोरी मामले से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इसी गिरोह के सदस्य थाना रतनपुर के बकरी चोरी प्रकरण में पहले से गिरफ्तार हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी आरोपियों ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली।
छह आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीब खान (35), शाहरुख खान (22) निवासी उमरिया, थाना गोराबाजार, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी,सहायक उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव,आरक्षक अनिल साहू, शैलेन्द्र साहू एवं सुनील पटेल की विशेष भूमिका रही।

खेत समतलीकरण के नाम पर 9 लाख की ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई">







