
भाजपा लोकप्रिय नेताओं की छवि धूमिल करने के लिए झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रही है: अरुण त्रिवेदी
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के समर्थन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान, कहा— चैनल के बयान को तोड़-मरोड़ कर किया जा रहा प्रस्तुत
कोटा:;-; ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा के अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए लोकप्रिय जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और जनहित के कार्यों से भाजपा बौखला गई है, इसलिए उनके बयान को तोड़-मरोड़कर जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
अरुण त्रिवेदी ने कहा कि विधायक अटल श्रीवास्तव ने अपने एक चैनल साक्षात्कार में जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने वाले आदिवासी समाज के संघर्ष और उनके योगदान की बात कही थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक ने किसी नक्सली को अपना रोल मॉडल नहीं बताया, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों और प्रकृति संरक्षण के संघर्ष का उल्लेख किया था। भाजपा द्वारा उनके बयान का गलत अर्थ निकालकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा की यह पुरानी कार्यशैली रही है कि जब कोई जनप्रतिनिधि जनता के बीच लोकप्रिय होता है और विकास कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बनाता है, तब उसकी छवि खराब करने के लिए भ्रामक प्रचार और झूठे आरोपों का सहारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कोटा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अटल श्रीवास्तव लगातार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे जनता का विश्वास लगातार उनके प्रति बढ़ रहा है।
अरुण त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी इसी जनसमर्थन से घबराकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता सच्चाई को समझती है और ऐसे दुष्प्रचार से प्रभावित नहीं होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित, विकास और सामाजिक सौहार्द की राजनीति में विश्वास रखती है तथा जनता के बीच सच को मजबूती से रखती रहेगी। उन्होंने भाजपा से आग्रह किया कि वह झूठे प्रचार के बजाय जनहित के मुद्दों पर राजनीति करे।








