
गांव-गांव पहुंची रतनपुर पुलिस, साइबर ठगी और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
रतनपुर थाना पुलिस ने ग्राम सीस (बेलतरा) में साइबर जागरूकता एवं यातायात पाठशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव और सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि अज्ञात नंबरों से आने वाले कॉल, ओटीपी, संदिग्ध लिंक और फर्जी लोन ऐप से सावधान रहें। साथ ही निवेश और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी से बचने की अपील की गई। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
रतनपुर पुलिस ने पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, हेलमेट और सीट बेल्ट पर दिया जोर
साइबर जागरूकता के साथ-साथ रतनपुर पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने की अनिवार्यता बताई गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन न चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की।
‘थोड़ी सी सावधानी, बड़ी सुरक्षा’— थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय का संदेश
रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने कहा कि लोगों को जागरूक बनाकर ही साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि थाना रतनपुर द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की साइबर जागरूकता एवं यातायात पाठशालाओं का आयोजन लगातार किया जाएगा। उनका कहना था कि “थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी और सड़क दुर्घटना दोनों से बचा सकती है।” कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।

रतनपुर पुलिस की अनोखी पहल, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर किया जागरूक">








